'मोदी-नीतीश की जोड़ी बिहार के विकास नहीं कुर्सी के लिए':बक्सर में खड़गे बोले-राहुल-प्रियंका गांधी को डराने की कोशिश हो रही; मोदी सरकार के 11 झूठ गिनाए

Apr 20, 2025 - 15:48
 0  0
'मोदी-नीतीश की जोड़ी बिहार के विकास नहीं कुर्सी के लिए':बक्सर में खड़गे बोले-राहुल-प्रियंका गांधी को डराने की कोशिश हो रही; मोदी सरकार के 11 झूठ गिनाए
बक्सर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- 'मोदी-नीतीश की जोड़ी सिर्फ कुर्सी के लिए हैं। बिहार के विकास के लिए नहीं है। एक बार हमारी गोद में आते हैं, फिर लगा कि बीजेपी आनेवाली है तो नीतीश इधर से उधर चले जाते हैं। ये देश के लिए सही नहीं है।' खड़गे आज यानी रविवार को एक दिन के दौरे पर बिहार के बक्सर पहुंचे थे। अपने 50 मिनट के भाषण में कांग्रेस अध्यक्ष ने नेशनल हेराल्ड केस, वक्फ कानून, मोदी सरकार के वादे और नीतीश कुमार के दल बदलने पर निशाना साधा। उन्होंने गांधी परिवार की कुर्बानी याद दिलाई, साथ ही केंद्र सरकार के 11 झूठ भी गिनवाएं। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 'मोदी समझते हैं कि बिहार वालों को ज्ञान की कमी है। जबकि सारे ज्ञानी लोग बिहार की भूमि से आते हैं। वसूलों पर चलते हैं। ' PM मोदी झगड़ा कराते हैं खड़गे ने कहा- 'मोदी जी ने जबरन वक्फ कानून बनाया। जहां सालों से झगड़ा नहीं था, अब वहां झगड़ा करना चाहते हैं।' 'RSS-BJP गरीबों, पिछड़ों, महिलाओं के दोस्त हो नहीं सकते। मनु स्मृति में लिखा है कि महिलाओं को शिक्षित नहीं करना चाहिए। पवित्र काम में शामिल नहीं करना चाहिए, जबकि बाबा साहेब ने इन्हें सम्मान दिया।' राहुल-प्रियंका को डराने की कोशिश हो रही है नेशनल हेराल्ड केस का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 'नेशनल हेराल्ड समेत 3 न्यूज पेपर पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भारतीयों की आवाज अंग्रेजों तक पहुंचाने के लिए निकाला। आज उसके चेयरमैन पर केस किया गया है।' 'उस कंपनी की प्रॉपर्टी कोई बेच नहीं सकती है। क्या सोनिया, राहुल या प्रियंका गांधी उसे बेचेंगे। लेकिन आप केस कर रहे हो। उसका पैसा कोई हड़प नहीं सकता, लेकिन मोदी-शाह सोनिया गांधी को डराकर राहुल और प्रियंका जी को डराने की कोशिश कर रहे हैं। ये लोग किसी से डरने वाले नहीं हैं।' तुम्हारा तो एक कुत्ता भी नहीं मरा बक्सर में खड़गे ने कहा कि 'राजीव गांधी देश के लिए कुर्बान हो गए। जिस घर में इंदिरा गांधी देश की एकता की लिए जान कुर्बान हो गईं। राजीव गांधी के शरीर के टुकड़े हो गए। जब उनका शरीर लाया गया तो कोई पहचान नहीं पाया। गांधी फैमिली ये है। तुम्हारा तो एक कुत्ता भी देश के नहीं मरा। नीतीश जी आप उनलोगों से मिल गए, जिन्होंने गांधी को मारा।' 'राहुल सत्ता के लालची होते तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक पैदल नहीं चलते। देश को दिशा दिखाने वाले लोग हमारे पास हैं। नेहरू जी ने अपना घर देश के लिए दान दिया। क्या राहुल-प्रियंका उस संपत्ति के लिए लड़ रहे हैं। किसी ने पिता को खोया, दादी को, नाना को खोया। उनके खिलाफ आज आरएसएस और बीजेपी बहुत बातें करती हैं। इसलिए आपको सतर्क रहना होगा।' मोदी जी हमें दुश्मन की तरह देखते हैं खड़गे ने कहा कि मोदी जी हमें दुश्मन की तरह देखते हैं। इसलिए राहुल-सोनिया जी, वाड्रा पर केस किया। नेशनल हेराल्ड केस के जरिए कांग्रेस को खत्म करने की साजिश बीजेपी ने रची है। वो सोचते हैं नेशनल हेराल्ड केस में परेशान करेंगे तो वो चुप बैठेंगे और पार्टी का मनोबल टूटेगा।' 'ये लोग ईडी, और दूसरी जांच एजेंसी का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कांग्रेस रुकने और झुकने वाली नहीं है।' 'पीएम मोदी ने वादा किया था कि 2 करोड़ नौकरियां हर साल देंगे। 11 साल हो लेकिन 22 करोड़ नौकरियां कहां है। नीतीश कुमार से जनता को पूछना चाहिए कि आप और आपके दोस्त नौकरी देने वाले थे। वो नौकरी कहां है। बिहार के युवा नौकरी के लिए बाहर जाते हैं।' खड़गे ने गिनाए पीएम मोदी के 11 झूठ खड़गे ने जनसभा में PM मोदी के पुराने भाषण को सुनाया। जिसमें वो सवा लाख करोड़ के विशेष पैकेज की घोषणा बिहार के लिए करना चाहता हूं। लेकिन क्या आपको एक लाख 25 हजार करोड़ का पैकेज मिला। मैं पूछता हूं, क्या ये पैसे मोदी-नीतीश ने बांट लिए।' कांग्रेस अध्यक्ष ने पूछा- 'क्या ये अच्छे दिन हैं। आपलोगों ने उन्हें सिर पर चढ़ाया। झूठों के सरदार को नजदीक आने मत दो। उन्होंने कहा था कि मां गंगा ने बुलाया है। मैं गंगा को शुद्ध करूंगा लेकिन नो खुद गंगा में डुबकी नहीं लगाते हैं।' मोदी सरकार के 11 झूठ 'बिहार की उन्नति के लिए गठबंधन को जिताए' '35 सालों में बेरोजगारी इतनी बढ़ी है। इन लोगों ने कुछ नहीं बनाया। आईआईएम, आईआईटी ये सब नेहरू जी कांग्रेस ने बनाया। आपने क्या बनाया, कुछ नहीं। आप झूठों की फैक्ट्री तैयार कर रहे हो। आप चंद लोगों को कुछ दिन के लिए बेवकूफ बना सकते हो, हमेशा के लिए नहीं। इसलिए मैं आपसे कहूंगा कि ये जो लोग हैं, वो झूठे हैं।' 'बिहार ह्यूमन इंडेक्स में 36वें नंबर पर है। ये है बिहार की डबल इंजन की सरकार का विकास। यहां एक ही इंजन रहेगा, जो पावरफुल होगा और वो है गठबंधन का इंजन।' 'मैं आरएसएस-बीजेपी को बोलना चाहता हूं कि बाबा साहेब के बारे में झूठ बोलना बंद करो। वरना लोग सड़कों पर हाथ पकड़ सवाल करेंगे।' 'आखिर में मैं कहूंगा बिहार की उन्नति के लिए, अपने बच्चों की शिक्षा के लिए, विकास के लिए बीजेपी- नीतीश को हटाओ। आनेवाले इलेक्शन में गठबंधन को जीत दिलाओ।' 'BJP संविधान पर हमला कर रही है' मौके पर बक्सर से राजद के सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि 'बापू के नेतृत्व में जब आजादी की लड़ाई लड़ी जा रही थी। बिहार उनकी कर्मभूमि रही। उन्होंने कहा था कि हम लोकतंत्र की स्थापना करेंगे।' 'उन्होंने कमजोर वर्ग, गरीबों के विकास की बात कही थी। उनके आदर्श पर कांग्रेस और हमारी पार्टी चल रही है। लेकिन जो नाथूराम के सिद्धांतों पर चलते हैं, वो सत्ता में है और लगातार संविधान पर हमला कर रहे हैं। इस बार बिहार में दो-तिहाई बहुमत के साथ इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।' जनता बदलाव चाहती है- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस अध्यक्ष के दौरे को लेकर पटना में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि 'हमारे नेता आज आ रहे हैं। जनहित के मुद्दे को लेकर आज हमारा कार्यक्रम है। जनता बदलाव के मूड में है और वह अपना विकल्प ढूंढ रही है। उन्हें वह विकल्प इंडिया गठबंधन में दिख रहा है।' 'दौरे से बिहार की राजनीति में कोई फर्क नहीं पड़ेगा, सब सेट है', बीजेपी के इस बयान को लेकर उन्होंने कहा कि- 'बीजेपी में वाकई सब सेट रहता है। ईडी, आईटी सेट है। वोट के लिए ईवीएम सेट है, लेकिन इनके कहने से कुछ नहीं होता है। जनता मालिक है।' ---------------------------------------- इसे भी पढ़िए.... राहुल बोले- ट्रंप की वजह से शेयर बाजार में गिरावट:पटना में कहा- देश में गरीब, आदिवासी सेकंड सिटीजन; मोदी जी माय एक्सपेरिमेंट विथ लाइज लिखेंगे 7 अप्रैल को बिहार दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार और RSS पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'महात्मा गांधी ने माय एक्सपेरिमेंटस् विथ ट्रुथ लिखा था। मोदी जी शायद माय एक्सपेरिमेंटस् विथ लाइज लिखेंगे।' शेयर बाजार में भारी गिरावट पर राहुल ने कहा, 'अमेरिकी प्रेसिडेंट ट्रम्प ने शेयर बाजार की धज्जियां उड़ी दी है। आज मार्केट धराशाई हो गया है।' पूरी खबर पढ़ें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Pehli Khabar Pehli Khabar भारत का सबसे तेज़ ऑनलाइन न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जहाँ आपको मिलती हैं ताज़ा खबरें सबसे पहले। हम खासतौर पर क्रिकेट, बिजनेस, बॉलीवुड, राष्ट्रीय खबरें, और टेक्नोलॉजी जैसी टॉप कैटेगरी में रीयल टाइम अपडेट्स देते हैं। सीधी और सटीक जानकारी के साथ, हम आपको रखते हैं हर बड़ी खबर से जुड़ा – कहीं भी, कभी भी। Pehli Khabar – हर खबर सबसे पहले। 🌐 pehlikhabar.com