होटल ताज विवांता प्रोजेक्ट में 1000 करोड़ का निवेश:गैलेंट ग्रुप ने होटल लोटस निक्को की जमीन खरीदी; 10 एकड़ में विकसित होगी परियोजना
गोरखपुर के रामगढ़ ताल क्षेत्र में होटल ताज विवांता प्रोजेक्ट को विस्तार मिलने जा रहा है। 5 एकड़ में प्रस्तावित यह योजना अब 10 एकड़ में विकसित की जाएगी। होटल के साथ यहां विश्वस्तरीय मॉल, व्यवसायिक भवन, मल्टीप्लेक्स व फूड कोर्ट भी विकसित होगा। यह परियोजना गैलेंट समूह की है।
विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहे रामगढ़ ताल क्षेत्र में होटल ताज विवांता के लिए जमीन ली गई थी। पैडलेगंज से नौकायन की ओर बढ़ने पर दूसरा प्लॉट इसके लिए गैलेंट समूह ने खरीदा था। यहां लगभग 350 करोड़ रुपए निवेश का अनुमान था। लेकिन अब बगल की जमीन खरीद लेने के बाद इसे विस्तार मिलने जा रहा है।
जानिए किसकी थी बगल की जमीन
पैडलेगंज से नौकायन की ओर बढ़ने पर दांयी ओर होटल लोटस निक्को के लिए 5 एकड़ जमीन आवंटित थी। यह समूह यहां हॉलीडे इन होटल लाने वाला था। लंबे समय से समूह मानचित्र पास नहीं करा पाया था। इस बीच गैलेंट समूह ने होटल प्रबंधन से बात कर उसकी जमीन खरीद ली। चर्चा है कि 100 करोड़ रुपये से अधिक में यह जमीन खरीदी गई है। हाल-फिलहाल की यह सबसे बड़ी एकल रजिस्ट्री भी मानी जा रही है।
रामगढ़ताल क्षेत्र की सबसे बड़ी निजी परियोजना
अब गैलेंट समूह रामगढ़ताल क्षेत्र की सबसे बड़ी निजी परियोजना विकसित करेगा। समूह के प्रबंधक मीडिया दीपक शर्मा ने बताया कि 5 एकड़ जमीन खरीदने की पुष्टि समूह के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश अग्रवाल ने की है। होटल के साथ ही यहां अन्य व्यवसायिक गतिविधियों का संचालन भी होगा। गोरखपुर में होगा विदेश का अनुभव
गैलेंट समूह के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि 10 एकड़ जमीन पर लगभग 1000 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। होटल ताज विवांता के निर्माण के साथ ही यहां विश्वस्तरीय मॉल, व्यवसायिक भवन, मल्टीप्लेक्स व फूड-कोर्ट भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को यहां आकर एहसास होगा कि वह विदेश में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास में यह योजना चार-चांद लगाएगी। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ताल क्षेत्र का जिस तरह से कायाकल्प किया है, उसी का परिणाम है कि गैलेंट समूह यहां 1000 करोड़ का निवेश करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर, अयोध्या व काशी विश्वनाथ मंदिर एवं नेपाल के बीच में है। यहां गुरु गोरक्षनाथ मंदिर व कुशीनगर में बौद्ध मंदिर है। पर्यटन की दृष्टि से यह अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिससे गोरखपुर में इस योजना के विकसित होने के बाद विदेश के पर्यटक भी आएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
Pehli Khabar
Pehli Khabar भारत का सबसे तेज़ ऑनलाइन न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जहाँ आपको मिलती हैं ताज़ा खबरें सबसे पहले। हम खासतौर पर क्रिकेट, बिजनेस, बॉलीवुड, राष्ट्रीय खबरें, और टेक्नोलॉजी जैसी टॉप कैटेगरी में रीयल टाइम अपडेट्स देते हैं।
सीधी और सटीक जानकारी के साथ, हम आपको रखते हैं हर बड़ी खबर से जुड़ा – कहीं भी, कभी भी।
Pehli Khabar – हर खबर सबसे पहले।
🌐 pehlikhabar.com