हरियाणा में मकान में दबी दादी की मौत, पोता घायल:7 जिलों में आंधी, 2 में ओलों से नुकसान, पेड़-खंभे गिरे, गाड़ियां टूटीं; आज लू चलेगी
हरियाणा में बुधवार देर शाम को बिगड़े मौसम में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। 7 जिलों में आंधी आई और 2 जिलों में ओले गिरे हैं। जबकि, 7 जिलों में तेज बारिश भी हुई। इसके बाद गुरुवार को मौसम साफ हुआ तो तबाही का मंजर देखने मिला। बीती शाम पानीपत में आई आधी में बड़ी संख्या में पेड़ और बिजली के खंभे गिरे हैं, जिससे देर रात तक कई इलाकों की बिजली गुल रही। एक खंभा कार पर गिरा, जिससे कार टूट गई। वहीं, जीटी रोड पर टोल प्लाजा की छत उड़ गई। इसके अलावा कच्चा कैंप में एक्टिवा पर जा रही वृद्धा और उसके दोहते पर ग्रिल गिर गई। इससे वृद्धा की मौत हो गई, जबकि दोहता घायल है। इनके अलावा एक महिला समेत 5 अन्य व्यक्ति भी आंधी में घायल हुए हैं। मौसम विज्ञान विभाग केंद्र चंडीगढ़ ने आज 14 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 4 जिलों में यलो अलर्ट और 4 जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। प्रदेश का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच चुका है। लू के अलर्ट को देखते हुए हरियाणा के 6 जिलों के स्कूलों का समय भी बदला गया है। हरियाणा में ओले और आंधी से नुकसान के PHOTOS... कल किस जिले में क्या-क्या नुकसान हुआ... बुधवार देर शाम फरीदाबाद, सोनीपत, अंबाला, करनाल, कैथल, पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश हुई। जबकि, करनाल और कुरुक्षेत्र में ओले भी गिरे। वहीं, हिसार, झज्जर, भिवानी, नूंह, फतेहाबाद, पानीपत और गुरुग्राम में आंधी चली। इससे जगह-जगह नुकसान हुआ है। पानीपत में महिला की मौत, 6 घायल: अर्जुन नगर के रहने वाले आकाश ने बताया कि वह अपनी नानी गीता (54) के साथ बुधवार शाम 7 बजे फैक्ट्री से घर आ रहा था। जैसे ही वे कच्चा कैंप में पहुंचे अचानक अंधड़ आ गया और एक फैक्ट्री से लोहे की ग्रिल उनकी एक्टिवा पर गिर गई। आकाश ने बताया कि ग्रिल सीधा उसकी नानी के सिर पर गिरी, जिससे उनकी मौत हो गई। जबकि, वह खुद घायल हो गया। वहीं, इसी इलाके में कमरे की छत गिरने से एक व्यक्ति शिव गंगा घायल हो गया। इधर, आजाद नगर के रहने वाले कृष्ण पाल और राजेश मोटरसाइकिल पर काम से घर लौट रहे थे। आंधी के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों गिरकर घायल हो गए। उधर, महादेव कॉलोनी में कमरे की छत गिरने से सतपाल नाम का व्यक्ति घायल हो गया। उसके सिर और कंधों पर चोट आई है। कुटानी रोड की रहने वाली पुष्पा काम से लौटते समय आंधी में स्कूटी गिरने से घायल हुई है। उसके पैर, सिर व कंधे पर चोट लगी। इसके अलावा तहसील कैंप का एक व्यक्ति ऑटो मार्केट में अंधड़ में बाइक अनियंत्रित होने से घायल हो गया। पूरी खबर पढ़ें... यमुनानगर में लकड़ी के गोदाम में आग: यमुनानगर की जगाधरी स्थित इंदिरापुरम कॉलोनी में बने लकड़ी के गोदाम में बुधवार शाम करीब 6 बजे आग लग गई। इससे बुझाने में दमकल की दर्जनों गाड़ियां लगी रहीं। इसके बाद भी रात बजे तक इस पर काबू पाया गया। हालांकि, गोदाम से धुआं रात भर उठता रहा। पुलिस प्रशासन भी देर रात तक मौके पर तैनात रहा। हादसे में किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन आसपास के घरों को नुकसान जरूर पहुंचा है। इसमें एक छत की बाउंड्री टूट गई, जबकि एक घर की खिड़कियां और शीशे टूटे हैं। आग के धुएं से कुछ घरों की दीवारें भी काली हो गईं। पूरी खबर पढ़ें... जींद में रात को ब्लैक आउट हुआ: जींद में अंधड़ से 150 के करीब पेड़ गिर गए तो 90 पोल टूट गए। बिजली बोर्ड के कंट्रोल रूम के साथ-साथ जिले भर में रात को ब्लैक आउट हो गया। शहरी एरिया में रात 12 से एक बजे तक और ग्रामीण एरिया में सुबह तक बिजली बहाल हो पाई। आंधी के कारण सिविल अस्पताल के जनरल वार्ड में कमरे के शीशे टूट गए और इसका कांच यहां उपचाराधीन घिमाना गांव के मरीज चांद राम पर जा गिरा। इससे चांद राम को हाथ, पैर, माथे पर चोट आईं। चांद राम को एमरजेंसी में उपचार के लिए दाखिल किया गया है। पेड़ गिरने से लिंक रास्ते बाधित रहे। सुबह ग्रामीणों ने मिलकर पेड़ों को रास्ते से हटाया। इसके बाद रास्ते खुल पाए। पूरी खबर पढ़ें... कैथल में पेड़ गिरने से रास्ते रुके: कैथल जिले में रात को आए अंधड़ और बरसात के कारण काफी नुकसान हुआ। सड़कों पर पेड़ गिर गए, जिससे गांवों को आपस में जोड़ने वाले रास्ते अवरुद्ध हो गए। पूंडरी और ढांड क्षेत्र में दर्जनों की संख्या में बिजली के खंभे टूट गए, जिससे देर रात बिजली प्रभावित रही। पूरी खबर पढ़ें... चरखी दादरी में कई जगह पेड़-खंभे टूटे: चरखी दादरी में धूलभरी आंधी चली, जिसमें कई स्थानों पर पेड़ व बिजली के खंभे टूट गए। इससे बिजली आपूर्ति व यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। बिजली निगम व वन विभाग की टीम व्यवस्था दुरुस्त करने और नुकसान के आकलन में जुटी हुई है। फिलहाल, चरखी दादरी में मौसम साफ है और धूप निकली हुई है। अंबाला, गुरुग्राम में ये नुकसान: इसके अलावा, अंबाला में आंधी के कारण एक बिल्डिंग का हिस्सा गिर गया तो वहीं कैथल के पुंडरी में BSNL का टावर घर पर गिर गया। गुरुग्राम में खांडसा रोड पर घर की दीवार गिर गई। इससे बच्ची घायल हो गई। इन जिलों में लू का ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के 4 जिलों पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और सोनीपत में हीटवेव का यलो अलर्ट है। आगे कैसा रहेगा मौसम
23 मई को प्रदेश के 2 जिलों पंचकूला व यमुनानगर में 25 प्रतिशत तक बारिश का अनुमान है। 24 मई को प्रदेश के 4 जिलों अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र व पंचकूला में 25 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। गरज व चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। 25 मई को प्रदेश के 15 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, सिरसा, फतेहाबाद, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है, वहीं अन्य 7 जिलों में मौसम ड्राई रहेगा। गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, सबसे गर्म जिला रहा सिरसा
बुधवार दोपहर बाद भले ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिली हो, लेकिन दोपहर के समय भीषण गर्मी महसूस की गई। बुधवार को गर्मी ने इस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सिरसा में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस गर्मी के सीजन में पहली बार हरियाणा के अंदर किसी जिले का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। वहीं, बीते 24 घंटे में सिरसा के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰ ये खबरें भी पढ़ें... पंजाब में तापमान 47°C पार:आज और कल लू का ओरेंज अलर्ट, 24 से बारिश के आसार, कई जिलों में तेज हवाओं चलेंगी पंजाब में पिछले कुछ दिनों से गर्मी लगातार बढ़ रही है। गुरुवार और शुक्रवार दोनों ही दिन राज्य में लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार देर शाम भी 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। पूरी खबर पढ़ें... हिमाचल में 4 दिन बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी:8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज तूफान चलेगा; शिमला में सुबह से बादल छाए हिमाचल प्रदेश में अगले 6 दिन तक बारिश के आसार हैं। खासकर 24 से 27 मई यानी 4 दिन कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसे लेकर 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
Pehli Khabar
Pehli Khabar भारत का सबसे तेज़ ऑनलाइन न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जहाँ आपको मिलती हैं ताज़ा खबरें सबसे पहले। हम खासतौर पर क्रिकेट, बिजनेस, बॉलीवुड, राष्ट्रीय खबरें, और टेक्नोलॉजी जैसी टॉप कैटेगरी में रीयल टाइम अपडेट्स देते हैं।
सीधी और सटीक जानकारी के साथ, हम आपको रखते हैं हर बड़ी खबर से जुड़ा – कहीं भी, कभी भी।
Pehli Khabar – हर खबर सबसे पहले।
🌐 pehlikhabar.com