हरियाणा की फर्जी पुलिसवाली रील्स की शौकीन:​​​​​​​विजिलेंस साथ ले जाती तो वर्दी ही सिलवा ली; पति-पत्नी के झगड़े में घुसी तो पकड़ी गई

May 6, 2025 - 05:30
 0  0
हरियाणा की फर्जी पुलिसवाली रील्स की शौकीन:​​​​​​​विजिलेंस साथ ले जाती तो वर्दी ही सिलवा ली; पति-पत्नी के झगड़े में घुसी तो पकड़ी गई
हरियाणा के फतेहाबाद में पुलिस ने जिस फर्जी लेडी पुलिसवाली को पकड़ा, वह इंस्टाग्राम रील्स की शौकीन निकली। उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ रील बनाकर डाली थी। हालांकि जब पुलिस ने दबोचा तो उसने वर्दी वाली रील डिलीट कर दी। पुलिस की जांच में पता चला कि महिला के पति की मौत हो चुकी है। उसका साढ़े 3 साल का बेटा भी है। विजिलेंस टीम के पास लेडी कॉन्स्टेबल नहीं होती तो वह इसे ले जाते थे। यहीं से उसे ठगी का तरीका आया और उसने रुपए ऐंठने से लेकर वर्दी का रौब तक दिखाना शुरू कर दिया। हालांकि उसे घरेलू झगड़े में धौंस दिखानी महंगी पड़ गई। पति से विवाद में वह पत्नी को धमकाने पहुंची तो पत्नी ने पुलिस को शिकायत कर दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो फर्जी पुलिसवाली की पोल खुल गई। दैनिक भास्कर ने पुलिस और गांव के लोगों से बातचीत की तो उसकी पूरी कहानी सामने आ गई... सबसे पहले जानिए, फर्जी पुलिस वाली कैसे पकड़ी गई... 1. पति की मुंह बोली बहन बनकर धमकाया थाना सदर क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्तमान में उसका और उसके पति के बीच मनमुटाव चल रहा है। इससे वह काफी परेशान है। इसी के चलते वह अपने मायके गई हुई थी। महिला के मुताबिक 1 मई को उसके मायके में टोहाना क्षेत्र के गांव सनियाना निवासी सिमरन कौर आई। उसने खुद को उसके पति की मुंहबोली बहन बताया। यह भी बताया कि वह पुलिस में है। पति का पक्ष लेते हुए उसके साथ मारपीट की और खूब धमकाया। इसके बाद उसने सदर पुलिस से मामले की शिकायत की। 2. पुलिस ने थाने बुलाया, नहीं पहुंची महिला ने बताया कि सिमरन की मारपीट और धमकी से वह काफी डर गई थी। इस बारे में उसने अपने मायके वालों को बताया। मायके वालों ने सुझाव दिया कि इस बारे में पुलिस को बता दो। इस पर महिला सदर पुलिस के पास पहुंची और मामले की जानकारी दी। इसके बाद सदर पुलिस ने महिला के पति से संपर्क किया और उसकी मुंह बोली बहन का पता पूछा। पता मिलते ही पुलिस ने सिमरन को थाने बुलाया, लेकिन वह नहीं आई। उसे फिर कॉल किया तो उसने रिसीव नहीं की। 3. शक हुआ, गिरफ्तारी की, वर्दी भी मिली सदर थाना पुलिस के मुताबिक, कॉल रिसीव नहीं करने पर उन्हें सिमरन पर शक हुआ। इसके बाद एक टीम उसके गांव भेजी गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वर्दी भी बरामद की है। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई। जांच अधिकारी महिला एसआई शिक्षा ने बताया कि गिरफ्तारी के वक्त वह काफी उग्र हो गई थी। मगर, जब पुलिस ने सख्ती दिखाई तो वह कुछ नरम हुई और पुलिस के साथ चलने के लिए तैयार हुई। पुलिस जांच के मुताबिक वह सामान्य परिवार से ही है। परिवार के पास 2 एकड़ जमीन है। जिसमें वह खेती करते हैं। महिला के पति की अक्टूबर 2022 में मौत हो चुकी है। उसके साढ़े तीन साल का एक बेटा है। अब जानिए कैसे सिमरन का चढ़ा वर्दी पहनने का शौक... 1. विजिलेंस टीम ले गई थी एक बार साथ बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने गांव बलियाला निवासी युवक सत्यवान की गाड़ी हायर की हुई है। सत्यवान गांव सनियाना निवासी सिमरन कौर को जानता था। करीब एक साल पहले विजिलेंस टीम को नोटिस देने जाना था। उनके साथ महिला पुलिस कर्मी नहीं थी। ऐसे में सत्यवान के कहने पर टीम सिमरन को अपने साथ ले गई। नोटिस थमाने के बाद टीम ने सिमरन का शुक्रिया अदा किया। इस पर सिमरन ने कहा कि यदि भविष्य में टीम को उसकी जरूरत पड़े तो वह साथ चल सकती है। 2. लगातार टीमें के साथ ले जाने लगी, वर्दी खरीदी पुलिस के मुताबिक, जब भी विजिलेंस टीम को जरूरत पड़ती तो वह सिमरन को साथ ले जाते। इससे वह पुलिस का तौर तरीका जान गई थी। इसमें उसे कुछ रकम भी हाथ आने लगी। फिर उसने सत्यवान के साथ मिलकर कई लोगों से ऐसे ही रुपए ऐंठे। कई बार लोगों को शक हुआ, लेकिन विजिलेंस टीम से जान-पहचान उसे हर बार बचा लेती। इसके लिए उसने वर्दी ही खरीद ली, ताकि कोई उसे निजी कर्मचारी न समझे। 3. कितने लोगों को ठगा, पुलिस जुटा रही जानकारी पुलिस का जानकारी मिली है कि यह फर्जी पुलिस वाली गांव की महिला सरपंच और पंचों के सामने भी धौंस जमा चुकी है। करीब तीन महीने पहले सरपंच संतोष कुमारी के सामने भी गली के मामले को लेकर धौंस जमाई थी। इसी तरह गांव के एक पंच के भी पैसे ऐंठे हुए हैं। एक महिला पंच के साथ भी धौंस भरा व्यवहार किया था। DSP बोले- साथी को तलाश रहे डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि महिला का एक साथी सत्यवान अभी फरार है, जिसे जल्द काबू किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस टीम ऐसे लोगों की जानकारी जुटा रही है, जिन्हें सिमरन ने ठगा है, ताकि केस मजबूत किया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Pehli Khabar Pehli Khabar भारत का सबसे तेज़ ऑनलाइन न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जहाँ आपको मिलती हैं ताज़ा खबरें सबसे पहले। हम खासतौर पर क्रिकेट, बिजनेस, बॉलीवुड, राष्ट्रीय खबरें, और टेक्नोलॉजी जैसी टॉप कैटेगरी में रीयल टाइम अपडेट्स देते हैं। सीधी और सटीक जानकारी के साथ, हम आपको रखते हैं हर बड़ी खबर से जुड़ा – कहीं भी, कभी भी। Pehli Khabar – हर खबर सबसे पहले। 🌐 pehlikhabar.com