आगरा में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की गोली मारकर हत्या:गन पॉइंट पर शोरूम लूटा, मालिक भिड़ा तो सीने पर गोली मारी, देखिए लुटेरों की पहली तस्वीर
आगरा में लुटेरों ने ज्वेलर्स की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक से दो युवक आए, शोरूम के अंदर घुसे। स्टाफ से पूछा- यहां का मालिक कहां है? इसके बाद बैग निकाला। शोरूम में काम कर रही महिला कर्मचारी को गन पॉइंट पर ले लिया। दुकान में रखी ज्वेलरी और पैसे भरे। बोले- मेरे नीचे जाने तक शांत रहना...वरना जान से मार दूंगा। लुटेरे जैसे ही सीढ़ी से नीचे उतरे, शोरूम मालिक आ गए और बदमाशों को पकड़ लिया। लुटेरों ने खुद को घिरता देख ज्वेलर्स के सीने में गोली मार दी। शोरूम मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह 11.45 बजे सिकंदरा के कारगिल चौराहे के पास की है। घटना के सवा 9 घंटे बाद रात 9 बजे लुटेरों की तस्वीर सामने आई है। इसमें एक बदमाश ने अपने चेहरे को गमछे से छिपा रखा है। दूसरे ने काले रंग का मास्क लगाया है। दोनों 18 से 25 साल के लग रहे हैं। एक बदमाश ने नीले रंग की जींस और सफेद शर्ट पहनी है। दूसरे ने काले रंग की शर्ट और जींस पहनी है। जो CCTV मिली है, उसमें काले रंग की स्पलेंडर तो दिख रही है, मगर नंबर प्लेट नहीं है। आगरा पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV फुटेज देखे हैं। इसके बाद यह कामयाबी मिली है। वहीं, पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने ज्वेलर योगेंद्र की बॉडी को परिवार के सुपुर्द कर दिया है। उनका अंतिम संस्कार ताजगंज श्मशान घाट पर किया गया। बदमाशों की 2 तस्वीरें देखिए अब जानिए पूरा घटनाक्रम व्यस्त बाजार में है योगेंद्र का शोरूम
योगेंद्र चौधरी (60) कारगिल चौराहे के पास पश्चिमपुरी के रामा एनक्लेव में रहते थे। परिवार में पत्नी उर्मिला और 3 बच्चे हैं। बड़ा बेटा सागर (32) और छोटा बेटा आशीष (30) कारोबार में उनका साथ देते थे। एक 27 साल की बेटी भी है, उसकी शादी हो चुकी है। योगेंद्र के घर से 600 मीटर दूरी पर उनका ज्वेलरी का शोरूम है। इसका नाम बालाजी ज्वेलर्स है। उसके बगल में रेस्टोरेंट स्काई है, जो उनका बड़ा बेटा सागर चलाता है। वह वारदात के वक्त अपने रेस्टोरेंट में मौजूद थे। शोरूम व्यस्त बाजार में स्थित है। स्टाफ ने कहा- बदमाशों ने आते ही मुझे गन पॉइंट पर लिया
शोरूम में रेनू नाम की युवती काम करती है। रेनू ने बताया- मैं एक लड़की को झुमकी दिखा रही थी। तभी बाइक (स्प्लेंडर) से दो लोग आए। दोनों बदमाशों में से एक ने मास्क पहन रखा था। दूसरे ने चेहरे को साफे से बांध रखा था। इन दोनों के हाथ में तमंचे थे। शोरूम के अंदर आते ही बोले- यहां कैसी डिजाइन मिलती है। मैंने कहा- हर तरह की ज्वेलरी मिलती है। उन्होंने पूछा- शोरूम के मालिक कहां हैं? इस पर मैंने कहा- वो अभी बाहर गए हैं, आते ही होंगे। इसके बाद बदमाशों ने एक बैग निकाला। एक साथी ने हमें गन पॉइंट पर लिया। कहा- चुपचाप खड़ी रहो। दूसरे साथी ने बैग में ज्वेलरी भरी। उन्होंने कहा कि आवाज नहीं आनी चाहिए, किसी ने कुछ बोला तो गोली चला दूंगा। लुटेरों से 5 मिनट तक भिड़ा शोरूम मालिक
वो शोरूम से बाहर निकलकर सीढ़ियों से नीचे उतरने लगे। तभी शोरूम के मालिक योगेंद्र चौधरी अपने घर रामा एनक्लेव से आ गए। वह सफेद एक्टिवा से आए थे। बदमाशों को देखकर चोर...चोर चिल्लाने लगे। उन्होंने लुटेरों से बैग छीनने का प्रयास किया। इस पर लुटेरों ने उनकी पिटाई कर दी। एक लुटेरे ने उनको धक्का दे दिया। वो नीचे गिर गए, फिर भी चिल्ला रहे थे। फिर दूसरे बदमाश ने पिस्टल से उनके सीने में गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार बाहर आ गए। यह देख लुटेरे फरार हो गए। रेनू ने बताया- शोरूम मालिक की लुटेरों से 5 मिनट तक भिड़ंत हुई थी। लेकिन, वह बदमाशों को पकड़ नहीं सके। डेढ़ किलो चांदी और झुमकियों का बॉक्स लूट ले गए
रेनू ने बताया- मुझे गन प्वाइंट पर लेने बाद लुटेरों ने काउंटर के अंदर रखे डेढ़ किलो चांदी के गहने और झुमकियों का पूरा बाक्स अपने बैग में भर लिया। झुमकियां 22 कैरेट सोने की थीं। वो और ज्वेलरी की तलाश कर रहे थे, लेकिन उन्हें कुछ मिला नहीं। इसके बाद जल्दबाजी में धमकाते हुए बाहर निकले। रेनू ने जो लूट का सामान बताया है, उसकी वैल्यू 8 लाख रुपए आंकी जा रही है। सोने के जेवरात और कैश घर ले जाते थे ज्वेलर्स
पारिवारिक सूत्रों और स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, योगेश चौधरी का बड़ा ज्वेलरी का कारोबार है। उनका ज्वेलरी शोरूम घर से 600 मीटर दूर ही है, इसलिए सोने के भारी जेवरात और कैश रोज घर लेकर चले जाते थे। यहां सिर्फ चांदी के कुछ जेवरात रखे रहते थे। या फिर उनकी अंदर बनी तिजोरी में भारी ज्वेलरी रहती थी। लुटेरों ने तिजोरी खोलने का प्रयास नहीं किया। अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यस्त बाजार होने के चलते उन्हें भागने की जल्दबाजी थी। रोती हुई परिवार की महिलाओं को रिश्तेदारों ने संभाला
पोस्टमॉर्टम हाउस पर व्यापारियों का जमावड़ा रहा। योगेंद्र के शव का पोस्टमॉर्टम हुआ। योगेंद्र के रिश्तेदार और दोस्त उनके घर पश्चिमपुरी के रामा एनक्लेव पहुंचे। पत्नी उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल था। शादीशुदा बेटी भी घर पहुंच चुकी थी। रोती हुई महिलाओं को सांत्वना दी देते लोग नजर आए। लोगों के बीच बेखौफ बदमाशों की लूट और हत्या की इस वारदात की चर्चा रही। कई दिनों से रेकी कर रहे थे बदमाश
पुलिस जांच में सामने आया कि लुटेरे कई दिनों से रेकी कर रहे थे। उनको दुकान के खुलने और बंद होने की टाइमिंग तक पता थी। इसलिए उन्होंने वो टाइम चुनी, जिस वक्त सबसे कम ग्राहक आते हैं। यह दुकान रोज सुबह 10.30 बजे खुलती थी। शुक्रवार को 10.45 बजे दुकान खुली थी। साफ-सफाई के बाद सुबह 11 बजे एक महिला कस्टमर दुकान पर आई थी। बदमाश करीब 11.45 बजे दुकान के अंदर आए थे। महिला कस्टमर लूट के दौरान दुकान के अंदर ही छिपी रही। बदमाश उसको भी धमका रहे थे कि हल्ला मचाया तो गोली मार देंगे। अब पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। अब 3 पॉइंट पर पुलिस कर रही जांच 1. बदमाश पहले भी कस्टमर बनकर दुकान आ चुके हैं, उन्हें यहां रखे सामान की पूरी जानकारी थी। 2. बदमाशों के लूट करने का पैटर्न बता रहा है कि वो प्रोफेशनल थे, इसलिए पुराने बदमाशों की हिस्ट्री तलाशी जा रही है। 3. इस लूट के पीछे परिवार के किसी नजदीकी व्यक्ति का हाथ तो नहीं, इसलिए सभी सदस्यों की CDR चेक हो रही है। व्यापारियों ने लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाए
बीती 26 अप्रैल को भी कारगिल चौराहे पर फायरिंग से इलाके में पहले से ही तनाव था। अब हत्याकांड से कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई जा रही है। अब व्यापारी अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। 15 साल पहले खोला था शोरूम
परिजनों ने बताया कि योगेश चौधरी ने कारगिल चौराहे पर 2011 में शोरूम खोला था। इससे पहले वो पीछे बाजार में छोटी दुकान चलाते थे। 2005 से वो इस कारोबार में थे। वो अकेले ही शोरूम संभालते थे। बेटे आशीष और सागर रेस्टोरेंट और होटल कारोबार में है। व्यापारी एसोसिएशन से लेकर बाजार के दूसरे व्यापारियों के बीच उनका सम्मान था। DCP बोले- बदमाश बोधला रोड की तरफ भागते दिखे
DCP सोनम कुमार ने बताया- बदमाशों की लोकेशन ट्रेस हो रही है। वह CCTV में सिकंदरा-बोधला रोड की तरफ भागते हुए दिख रहे हैं। पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। दुकान के CCTV की डीवीआर को हमने अपने कब्जे में लिया है। इसमें बदमाशों का हुलिया दिखाई दे रहा है। हम उनकी पहचान की कोशिश कर रहे हैं। जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा। ---------------------- ये खबर भी पढ़ें... कानपुर ACP मोहसिन की पत्नी पहली बार सामने आईं:बोलीं- मेरे शौहर को हनीट्रैप में फंसाया, मुझे IIT छात्रा से पहले ही मिलवाया था 'IIT स्कॉलर ने मेरे शौहर को हनीट्रैप में फंसाया है। साथ रहने के बहाने उसके मंसूबे क्या थे, यह कोर्ट में हम साबित कर देंगे। हालात कैसे भी हों, मैं अपने शौहर के लिए इंसाफ मिलने तक लड़ती रहूंगी।' ACP मोहसिन खान की पत्नी सुहैला सैफ के चेहरे पर यह सब कहते हुए गुस्सा झलकने लगता है। ACP के खिलाफ IIT स्कॉलर ने 12 दिसंबर, 2024 को यौन शोषण का केस दर्ज कराया है। वह 19 दिसंबर को हाईकोर्ट से स्टे ले आए। करीब 3 महीने बाद पुलिस मुख्यालय ने ACP को सस्पेंड कर दिया। पढ़ें पूरी खबर...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
Pehli Khabar
Pehli Khabar भारत का सबसे तेज़ ऑनलाइन न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जहाँ आपको मिलती हैं ताज़ा खबरें सबसे पहले। हम खासतौर पर क्रिकेट, बिजनेस, बॉलीवुड, राष्ट्रीय खबरें, और टेक्नोलॉजी जैसी टॉप कैटेगरी में रीयल टाइम अपडेट्स देते हैं।
सीधी और सटीक जानकारी के साथ, हम आपको रखते हैं हर बड़ी खबर से जुड़ा – कहीं भी, कभी भी।
Pehli Khabar – हर खबर सबसे पहले।
🌐 pehlikhabar.com