भारत-पाक जंग के हालात,बिहार में पटाखे पूरी तरह बैन:शादी में रात 10 बजे बाद नहीं बजेगा लाउड म्यूजिक; CM बोले-पूरे बिहार को अलर्ट पर रखिए

May 10, 2025 - 17:30
 0  0
भारत-पाक जंग के हालात,बिहार में पटाखे पूरी तरह बैन:शादी में रात 10 बजे बाद नहीं बजेगा लाउड म्यूजिक; CM बोले-पूरे बिहार को अलर्ट पर रखिए
भारत-पाकिस्तान के बीच जंग के हालात के बीच बिहार हाई अलर्ट पर है। शनिवार को ADG लॉ एंड ऑर्डर पंकज दराद ने बिहार के सभी जिलों के SP को आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि शादी में अब रात 10 बजे के बाद लाउड म्यूजिक नहीं बजेगा और पटाखे पूरी तरह से बैन रहेंगे। इधर, शनिवार को पूर्णिया समाहरणालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीमावर्ती इलाके के DM-SP के साथ रिव्यू मीटिंग की। करीब 1 घंटे तक चली मीटिंग में CM के साथ डिप्टी CM सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी, मंत्री लेसी सिंह, कई सीनियर ऑफिसर, पूर्णिया प्रक्षेत्र के DIG समेत सीमांचल के चारों जिले के DM और SP मौजूद रहें। सबसे पहले CM ने केंद्रीय फोर्सेस के अधिकारियों से पूछा- 'आप लोगों को यहां कोई दिक्कत तो नहीं।' केंद्रीय सुरक्षा बल से जुड़े सभी प्रभाव के अधिकारियों ने कहा- 'नहीं सर कोई दिक्कत नहीं है।' मुख्यमंत्री ने नेपाल के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से निकटतम संबंध बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पारा मिलिट्री के साथ बिहार पुलिस के आला अधिकारियों ने कहा- हम उनसे लगातार संपर्क में हैं। रोज संवाद भी होता है। 5 पॉइंट में मुख्यमंत्री की मीटिंग की बड़ी बातें नेपाल और बांग्लादेश से सटे इलाकों में फोर्स बढ़ाई गई इधर, पाकिस्तान से बनते युद्ध के हालात को देखते हुए नेपाल और बांग्लादेश से सटे इलाकों में फोर्स बढ़ा दी गई है। साथ ही पटना-दरभंगा एयरपोर्ट से लेकर राज्य के सभी रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग कड़ी कर दी गई है। राज्य भर के सभी धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है। डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही मेडिकल आपातकाल की पूरी तैयारी की जा रही है। नागरिक सुरक्षा विभाग ने हवाई हमले से बचाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, सरकार ने लोगों से पैनिक नहीं होने की अपील की है। स्कूल और बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे। खाने का सामान जमा करने की जरूरत नहीं है। शुक्रवार को मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने हाई लेवल मीटिंग की। उन्होंने सोशल मीडिया पर चौबीसों घंटे निगरानी और जेल की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का आदेश दिया है। सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की संख्या बढ़ेगी आपदा प्रबंधन विभाग के ACS प्रत्यय अमृत ने बैठक के बाद बताया कि, ‘लोगों की सेफ्टी के लिए सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके लिए एक अलग से पोर्टल बनाया जाएगा। इच्छुक युवक इसमें रजिस्ट्रेशन कर वॉलंटियर्स बन सकते हैं।’ सरकार ने सभी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट को ऑफिस में मौजूद रहने का आदेश दिया है। साथ ही अस्पताल, एम्बुलेंस, दवा, ऑक्सीजन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। नेपाल बॉर्डर पर पहली बार SSB के साथ पुलिस तैनात भारत-नेपाल बॉर्डर से ISI और दूसरे आतंकी संगठनों के भारत में घुसपैठ और आतंकी गतिविधि की आशंका है। पहली बार एसएसबी के साथ बिहार पुलिस की तैनाती बॉर्डर पर की गई है। शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद पश्चिम चंपारण से किशनगंज तक 600 किलोमीटर लंबी सीमा पर पुलिस सक्रिय हो गई है। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर से किशनगंज तक पुलिस तैनात है। बॉर्डर पर पुलिस चेक पोस्ट बनाए गए हैं। सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक सघन जांच अभियान चल रहा है। आने-जाने वाले हर व्यक्ति और वाहन की तलाशी ली जा रही है। सीतामढ़ी, सुपौल, रक्सौल समेत सीमावर्ती जिलों में 24 घंटे पुलिस गश्ती जारी है। नेपाल सशस्त्र पुलिस बल ने बीते 48 घंटे में भारत-नेपाल सीमा पर 312 पेट्रोलिंग की। साथ ही 1844 स्थानों पर चेक पॉइंट बनाए हैं। सभी वाहनों की जांच आधुनिक स्कैनर मशीनों और डॉग स्क्वॉड से की जा रही है। एसएसबी और स्थानीय पुलिस मिलकर सीमा क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं। सीमा पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। नेपाली PM बोले- भारत के खिलाफ नेपाल की जमीन का इस्तेमाल नहीं होगा नेपाल के प्रधानमंत्री केपी ओली ने कहा- 'भारत के खिलाफ हमारी जमीन का इस्तेमाल नहीं होगा।' पीएम ने स्पष्ट किया कि 'नेपाल किसी भी विरोधी शक्ति को अपने पड़ोसी देशों के खिलाफ अपनी जमीन का इस्तेमाल किसी भी हाल में नहीं करने देगा।' शुक्रवार को काठमांडू में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने नेपाल के प्रधानमंत्री से मुलाकात की। काठमांडू के बलुवाटार स्थित प्रधानमंत्री आवास में हुई बैठक के दौरान राजदूत श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री ओली को 22 अप्रैल को भारत के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच उत्पन्न तनाव और घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। सुपौल में इंडो-नेपाल बॉर्डर पर फ्लैग मार्च, 5 नए चेक पोस्ट बनाए गए भारत-पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालात को देखते हुए सुपौल में भारत-नेपाल बॉर्डर पर दोनों देश के प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। डॉग स्क्वॉयड की टीम भी एक्टिव हो गई है। पुलिस और एसएसबी संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही है। SDPO राजू रंजन कुमार ने बताया कि 'सुरक्षा के मद्देनजर भारत-नेपाल बॉर्डर के अलावे भीतरी हिस्से में 5 अलग-अलग जगहों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। जहां हर नागरिकों और गाड़ियों की जांच की जा रही है। पुलिस पदाधिकारियों को भी जांच में सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए है।' एयरपोर्ट पर 18 मई तक विजिटर्स पास बंद पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों का हैंडबैग 18 मई तक दो बार चेक होगा। एयरपोर्ट पर विजिटर्स पास नहीं दिया जाएगा। एयरपोर्ट की सुरक्षा में लगे CISF जवानों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। छुट्टी पर गए जवानों को भी 24 घंटे में ड्यूटी जॉइन करने को कहा गया है। ट्रेनों में जांच बढ़ी, जवानों की 8 घंटे की जगह 12 घंटे की ड्यूटी पटना जंक्शन, गया जंक्शन, मुजफ्फरपुर जंक्शन, आरा, बक्सर, किऊल समेत अनेक स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी की गई है। दीनदयाल उपाध्याय से पटना और हावड़ा आने-जाने वाली ट्रेनों में नजर रखने के लिए आरपीएफ जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। ट्रेनों की बोगियों की जांच तेज कर दी गई है। हर बोगी में पैनी नजर रखने के लिए कहा गया है। हर स्टेशन पर ट्रेन रुकती है तो कोच के गेट के पास जवानों को तैनात किया गया है। दानापुर रेलवे डिवीजन के RPF के सीनियर कमांडेंट प्रकाश पांडे ने बताया कि, सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के लिए निर्देश दिया गया है। आरपीएफ जवानों की ड्यूटी 8 की जगह 12 घंटे कर दी गई है। छुट्टी रद्द की गई है।' दानापुर रेल मंडल के निर्देश के बाद पटना जंक्शन, दानापुर स्टेशन, पाटलिपुत्र जंक्शन, राजेन्द्र नगर टर्मिनल, आरा, बक्सर, किऊल सहित मंडल के सभी स्टेशनों पर आरपीएफ के जवानों को छुट्टी रद्द कर दी गई है। दानापुर सहित पांचों मंडलों को पूर्व मध्य रेल मुख्यालय से अतिरिक्त जवान भी भेजा गया है। इन जवानों को जरूरत के अनुसार स्टेशन पर तैनात किया जा रहा है। किशनगंज- SSB जवानों की छुट्टियां रद्द, 24 घंटे निगरानी किशनगंज में सुरक्षा को देखते हुए SSB जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी है। इसके साथ ही बॉर्डर इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। किशनगंज के ठाकुरगंज, गलगलिया, दिघलबैंक और टेढ़ागाछ क्षेत्रों में सख्त निगरानी की जा रही है। अररिया- जोगबनी बॉर्डर पर चौकसी बढ़ी अररिया जिले के जोगबनी में भारत-नेपाल बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। बॉर्डर से आने-जाने वाले लोगों की कड़ी जांच की जा रही है। लोगों की पहचान पत्र जांच कर भारत में प्रवेश करने दिया जा रहा है। जोगबनी SSB कैंप प्रभारी सहायक सेनानायक आनंद सिंह भंडारी ने बताया कि, सीमा पर जांच करना तो हमारे रूटीन वर्क का हिस्सा है, लेकिन अभी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हर छोटी बड़ी चीजों की गहनता से जांच की जा रही है। हर व्यक्ति के पहचान पत्र और सामान की सघन जांच कर रहे हैं। बगहा- बॉर्डर की मॉनिटरिंग में लगे DM-SP बगहा DM दिनेश कुमार राय और SP सुशांत कुमार सरोज ने वाल्मीकि नगर बॉर्डर का दौरा किया। SP रातभर बॉर्डर पर मौजूद रहे और SSB के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान जवानों को सतर्क रहने के साथ साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पहचान पत्र की बारीकी से की जा रही जांच भारत-नेपाल की सीमा खुली है, जिससे आसानी से लोग आते-जाते हैं। लेकिन, अभी बॉर्डर पर सख्त निगरानी की व्यवस्था की गई है। वैध पहचान पत्र होने के बाद ही भारत में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। डॉक्यूमेंट्स की जांच बारीकी से की जा रही है। रेलवे ब्रिज और यार्ड में तैनात किए गए जवान पूर्व मध्य रेल के सभी मंडलों में स्थित रेलवे ब्रिज पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके लिए जवान के साथ-साथ रेलवे कर्मचारियों का ड्यूटी लगा दिया गया है। वहीं रेलवे के यार्ड में सीसीटीवी कैमरे से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। यार्ड में जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। चंडीगढ़, भुवनेश्वर और गाजियाबाद एक-एक फ्लाइट 10 मई तक रद्द पटना से चंडीगढ़, भुवनेश्वर और गाजियाबाद के लिए आने-जाने वाली एक-एक फ्लाइट 10 मई की सुबह 5.29 बजे तक के लिए रद्द कर दी गई है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद इंडिगो ने चंडीगढ़ और भुवनेश्वर की, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने गाजियाबाद के हिंडन के लिए उड़ान काे रद्द कर दिया है। इन तीनों विमानों से रोजाना करीब 550 यात्री इन शहरों से पटना आते-जाते हैं। सूत्रों का कहना है कि भारत-पाक के बीच जिस तरह तनातनी है, 10 मई के बाद भी इन शहरों के लिए विमान रद्द हाे सकते हैं। हालांकि एयरलाइंस ने 10 मई की सुबह तक के लिए ही रद्द किया है। ------------------------------- ये भी पढ़ें ऑपरेशन सिंदूर के बाद बिहार से पकड़ाए 4 चीनी नागरिक:नेपाल की 2 महिलाएं भारत में एंट्री करवा रही थीं, महिलाओं के पाकिस्तान कनेक्शन की चर्चा ऑपरेशन सिंदूर के बाद बिहार के मोतिहारी में 4 चीनी नागरिक पकड़े गए हैं। इनके साथ 2 महिलाओं को भी SSB ने पकड़ा है। इस सभी को SSB ने भारत में अवैध रूप से घुसते वक्त मैत्री पुल कस्टम हाउस के पास से अरेस्ट किया है। चर्चा है कि दोनों महिलाओं का संबंध पाकिस्तान से था। पूरी खबर पढ़ें

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Pehli Khabar Pehli Khabar भारत का सबसे तेज़ ऑनलाइन न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जहाँ आपको मिलती हैं ताज़ा खबरें सबसे पहले। हम खासतौर पर क्रिकेट, बिजनेस, बॉलीवुड, राष्ट्रीय खबरें, और टेक्नोलॉजी जैसी टॉप कैटेगरी में रीयल टाइम अपडेट्स देते हैं। सीधी और सटीक जानकारी के साथ, हम आपको रखते हैं हर बड़ी खबर से जुड़ा – कहीं भी, कभी भी। Pehli Khabar – हर खबर सबसे पहले। 🌐 pehlikhabar.com